भिलाई /सेल-भिलाई इस्पात संयंत्र द्वारा जिला प्रशासन के सहयोग से आम-जनता तक स्वास्थ्य सुविधाओं की पहुंच आसान बनाने हेतु “स्वास्थ्य मेला” के अंतर्गत दुर्ग जिले के विभिन्न विकासखण्डों में स्वास्थ्य शिविरों का आयोजन किया जा रहा है। इसी कड़ी में 26 मार्च 2025 को भिलाई इस्पात संयंत्र के निगमित सामाजिक उत्तरदायित्व विभाग (सीएसआर) एवं जिला चिकित्सालय, दुर्ग के संयुक्त तत्वाधान में ग्राम अण्डा में निःशुल्क चिकित्सा शिविर का आयोजन किया गया।
अण्डा में आयोजित चिकित्सा शिविर में निगमित सामाजिक उत्तरदायित्व विभाग (बीएसपी) से डॉ ए डी बनर्जी, फार्मासिस्ट खिलावन कुंभकार, नर्स सुश्री प्रभा सैमुअल एवं पंजीयन हेतु शंभू दयाल एवं जिला चिकित्सालय दुर्ग की ओर से सीएचओ सुश्री दामिनी सिन्हा व आरएचओ मुकेश साहू उपस्थित थे। प्रातः 10 बजे से प्रारंभ हुए शिविर में कुल 61 लोगों की सामान्य जांच, शुगर, बीपी जांच करने के साथ ही उन्हें निःशुल्क दवाएं भी प्रदान की गई जिसमें 13 पुरुष, 46 महिलाएं एवं 02 बच्चे शामिल थे।
भिलाई इस्पात संयंत्र अपने आस-पास के परिधीय क्षेत्रों में चिकित्सा एवं स्वास्थ्य की निःशुल्क जाँच की सुविधा काफी लंबे समय से उपलब्ध कराता आ रहा है। इसका उद्देश्य दूरस्थ ग्रामीण एवं वनांचल क्षेत्र में रहने वाले लोगों को बेहतर चिकित्सा सुविधा उपलब्ध कराना है। भिलाई इस्पात संयंत्र के सीएसआर विभाग द्वारा सामाजिक उत्तरदायित्वों का निर्वहन करते हुए निरन्तर स्वास्थ्य शिविरों का आयोजन, संयंत्र के परिधीय तथा खनि क्षेत्रों में किया जा रहा है।

More Stories
दशकों तक नक्सल हिंसा ने विकास, शिक्षा और जनजीवन को किया प्रभावित, अब बस्तर शांति और विश्वास के नए दौर की ओर अग्रसर – मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय
साय सरकार के सुशासन में तेन्दूपत्ता संग्राहकों को मिली आर्थिक मजबूती, 10,160 हितग्राहियों के खातों में पहुँची 1.39 करोड़ रुपये से अधिक की बोनस राशि
अंधविश्वास बना हत्या की वजह, पत्थलगांव में बहू की हत्या के आरोप में जेठ गिरफ्तार