कटनी
जिले के रीठी वन परिक्षेत्र में तार के फंदे में फंसकर तेंदुए की मौत के मामले में वन विभाग ने त्वरित कार्रवाई करते हुए 24 घंटे के अंदर दो आरोपियों को गिरफ्तार किया है।
दरअसल, देवरी-पटोहा तालाब के जंगल में एक किसान के खेत के पास करीब 3 से 4 वर्ष उम्र के नर तेंदुए का शव मिला था। सूचना मिलते ही वन विभाग की टीम मौके पर पहुंची और तेंदुए के शव को कब्जे में लेकर जांच शुरू की। आशंका जताई गई कि जंगली सूअर और हिरण के शिकार के लिए खेत के आसपास तार का फंदा बिछाया गया था, जिसमें तेंदुआ फंस गया और उसकी दर्दनाक मौत हो गई।
मामले की गंभीरता को देखते हुए वन परिक्षेत्र अधिकारी महेश पटेल ने उच्च अधिकारियों के निर्देशन में टीम गठित कर आरोपियों की तलाश शुरू की। कड़ी मशक्कत और पूछताछ के बाद टीम ने 24 घंटे के भीतर दो आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया। दोनों आरोपियों के खिलाफ वन्यजीव संरक्षण अधिनियम के तहत मामला दर्ज कर उन्हें न्यायालय में पेश किया गया है। वहीं, इस शिकार की घटना में और कितने लोग शामिल हैं, इसकी जांच वन विभाग द्वारा अभी जारी है। त्वरित कार्रवाई के लिए वन विभाग के उच्च अधिकारियों ने रीठी वन अधिकारी और पूरी टीम की सराहना की है।

More Stories
इंदौर में सेमी कंडक्टर, फोटोनिक्स, क्वांटम तकनीक और एमएसएमई सशक्तिकरण पर राउंड टेबल बैठकों का हुआ आयोजन
मुरैना में जमीन विवाद ने लिया हिंसक रूप, लाठी-डंडों से खूनी संघर्ष में 8 लोग घायल
सेमीकंडक्टर समिट-2026: MP क्यों बन रहा है चिप उद्योग का नया केंद्र?