भोपाल
भोपाल में मंगलवार, 20 अक्टूबर को दशहरा पर्व के अवसर पर शहर की यातायात व्यवस्था में विशेष बदलाव किए गए हैं। रावण दहन के प्रमुख कार्यक्रमों और श्री रामविजय रथ यात्रा के चलते शहर के कई प्रमुख मार्गों पर ट्रैफिक डायवर्ट रहेगा।पुलिस के निर्देशानुसार, दोपहर 2 बजे से शहर में भारी वाहनों के प्रवेश पर पूरी तरह प्रतिबंध रहेगा, जबकि शाम 5 बजे के बाद आवश्यकतानुसार अन्य क्षेत्रों में भी डायवर्जन लागू किया जाएगा। इस वर्ष शहर के 18 प्रमुख मैदानों पर रावण दहन के भव्य आयोजन होंगे, वहीं लगभग 50 से 60 स्थानों पर पथ संचलन निकाले जाएंगे।
इन प्रमुख स्थानों से भारी वाहनों का प्रवेश रहेगा बंद
दोपहर 2 बजे से शहर के निम्नलिखित प्रवेश बिंदुओं पर भारी वाहन प्रतिबंधित रहेंगे:
– खजूरी बायपास
– मुबारकपुर चौराहा
– नया बायपास लांबाखेड़ा
– चौपड़ाकला बायपास
– पटेलनगर व भानपुर
– बेस्टप्राइज व करोंद चौराहा
– लालघाटी व प्रभात पेट्रोल पंप चौराहा
– सुभाष नगर फाटक व जिन्सी चौराहा
– हबीबगंज नाका, सूरज नगर और मिसरोद 11 मील
छोला दशहरा मैदान जाने के लिए वैकल्पिक मार्ग
– भानपुर चौराहे से छोला दशहरा मैदान की तरफ केवल उन्हीं दोपहिया और हल्के वाहनों को जाने की अनुमति होगी जो रावण दहन कार्यक्रम में शामिल होने जा रहे हैं।
– नादरा बस स्टैंड और डीआईजी बंगले की ओर जाने वाले वाहन बेस्टप्राइज तिराहा, कृषि उपज मंडी, जेपी नगर तिराहा, डीआईजी बंगला चौराहा या गणेश मंदिर छोला अंडरब्रिज के रास्तों का उपयोग कर सकेंगे।
– विदिशा और बैरसिया की तरफ से आने वाली जो बसें नादरा बस स्टैंड या पुतलीघर बस स्टैंड जाती हैं, वे केवल भानपुर चौराहे या बेस्टप्राइज तिराहे तक ही आ सकेंगी। शाम 6 बजे के बाद इन बसों को आगे जाने की अनुमति नहीं होगी।
श्री रामविजय रथ यात्रा का मार्ग और ट्रैफिक प्रतिबंध
-श्री रामविजय रथ यात्रा बांके बिहारी मंदिर (मारवाड़ी रोड) से शुरू होकर चिंतामन चौराहा, यूनानी सफाखाना, सुल्तानिया रोड, चौकी चौक, घोड़ा नक्कास, छोटे भैया चौराहा और नादरा बस स्टैंड से होते हुए छोला दशहरा मैदान पहुंचेगी।
-जब रथ यात्रा नादरा बस स्टैंड पहुंचेगी, तब भोपाल टॉकीज चौराहा और अल्पना तिराहे से नादरा की तरफ वाहनों की आवाजाही बंद कर दी जाएगी।
-रथ यात्रा के छोला रोड में प्रवेश करने पर छोला मैदान जाने वाले वाहन काजी कैंप, डीआईजी बंगला, जेपी नगर तिराहा, कृषि उपज मंडी और बेस्टप्राइज के रास्ते जा सकेंगे।
पार्किंग व्यवस्था
छोला दशहरा मैदान आने वाले नागरिकों के लिए वाहन पार्किंग रेलवे गोदाम के पास, टिंबर मार्केट और स्टेडियम के पास तय की गई है। पुलिस ने अपील की है कि वाहन केवल निर्धारित स्थल पर ही पार्क करें।
भेल दशहरा मैदान और अन्य क्षेत्रों के लिए डायवर्जन
– भेल दशहरा मैदान के आसपास चेतक ब्रिज, अन्ना नगर, करियर कॉलेज, बीएचईएल गेट नंबर-6, सिक्योरिटी लाइन तिराहा और हेमा स्कूल के इर्द-गिर्द ट्रैफिक का दबाव अधिक रहेगा।
– एमपी नगर और चेतक ब्रिज से अवधपुरी जाने वाले वाहन अन्ना नगर से दाएं मुड़कर हबीबगंज मस्जिद तिराहा जा सकते हैं, जहाँ से बाएं मुड़कर जवाहरलाल नेहरू गुलाब उद्यान होते हुए बीएचईएल और अवधपुरी पहुंच सकेंगे।
– पुराने शहर के अशोका गार्डन, छोला, शाहजहांनाबाद, कोतवाली, तलैया, बुधवारा, मंगलवारा और हनुमानगंज क्षेत्रों में सुबह 8 बजे से दोपहर 2 बजे तक निकलने वाले 50 से 60 पथ संचलनों के कारण यातायात प्रभावित रह सकता है।
इन 18 मैदानों पर होगा रावण दहन
शहर में बैरागढ़, गांधीनगर, कोहेफिजा, छोला, हाउसिंग बोर्ड, अशोका गार्डन, जंबूरी, अयोध्या नगर, भेल, एमवीएम कॉलेज, विट्ठल मार्केट, लहारपुरा, पांच नंबर बस स्टॉप, ओल्ड कैंपियन, टीटी नगर, कोलार, शाहपुरा और कलियासोत एडवेंचर ग्राउंड पर रावण दहन के बड़े कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे। इन सभी मैदानों के आसपास जरूरत के हिसाब से ट्रैफिक डायवर्ट किया जाएगा।
यातायात पुलिस ने नागरिकों से आग्रह किया है कि घर से निकलने से पहले वैकल्पिक मार्गों की जानकारी अवश्य रखें और किसी भी असुविधा की स्थिति में यातायात हेल्पलाइन नंबर 0755-2677340 पर संपर्क करें।

More Stories
सिंहस्थ 2028 की तैयारी में ₹25 हजार करोड़ के विकास कार्य, CM मोहन यादव ने किया फूड प्रोसेसिंग पार्क का ऐलान
उज्जैन के 40 मंदिरों में मदिरा का भोग, आरती के बाद ढोल-नगाड़ों के साथ निकला दल
नलखेड़ा बगलामुखी मंदिर के पास 4 और निर्माण तोड़ने पर हाई कोर्ट की रोक