रोहतक
हरियाणा सिविल सेवा (एचसीएस) के 15 अधिकारियों को सोमवार को भारतीय प्रशासनिक सेवा (आईएएस) में नियुक्त करने की घोषणा की गई है। ये नियुक्तियां वर्ष 2021, 2022, 2023 और 2024 की चयन सूचियों के लिए निर्धारित रिक्तियों पर की गईं। सभी नवनियुक्त अधिकारियों को अगले आदेश तक प्रोबेशन पर हरियाणा कैडर आवंटित किया गया है। यह आदेश भारत सरकार के कार्मिक, लोक शिकायत एवं पेंशन मंत्रालय की ओर से जारी किया गया है। सूची में तीन एचसीएस अधिकारी सुमिता, आसमा और महावीर के नाम थे, हालांकि ये तीनों सेवानिवृत्त हो चुके हैं। इनके बारे में यूपीएससी की तरफ से अलग से पत्र जारी होगा।
आईएएस पद पर पदोन्नति पाने वालों में विवेक पदम सिंह व डॉ. मुनीश नागपाल को वर्ष 2021 का बैच, महेंद्र पाल, सतपाल शर्मा व सुशील कुमार-1 को वर्ष 2022 का बैच, वर्षा खांगवाल, वीरेंद्र सिंह सहरावत, सत्येन्द्र दूहन, मनिता मलिक, सतबीर सिंह, अमृता सिंह, योगेश कुमार व वंदना दिसोदिया को वर्ष 2023 का बैच और जयदीप कुमार व समवर्तक सिंह खांगवाल को वर्ष 2024 बैच मिला है।
हरियाणा सरकार की ओर से 27 एचसीएस अधिकारियों की पदोन्नति के लिए सूची संघ लोक सेवा आयोग(यूपीएससी) को भेजी गई थी। वर्तमान में 9 एचसीएस अधिकारियों के केस लंबित होने के कारण पदोन्नति नहीं मिली। हालांकि उन्हें 31 दिसंबर 2025 तक चार्जशीट रद्द करवाने का मौका मिला है। इस अवधि तक जिनके चार्जशीट रद्द हो जाएंगे, उन्हें पदोन्नति मिलेगी। ये सभी वर्ष 2002 बैच के अधिकारी हैं।
पति, पत्नी व भाई बने आईएएस
15 नवनियुक्त आईएएस अधिकारियों में एक ही परिवार के तीन सदस्य हैं। इनमें वर्षा खांगवाल, उनके पति योगेश कुमार और चचेरे भाई समवर्तक सिंह खांगवाल शामिल हैं। पति-पत्नी योगेश व वर्षा को वर्ष 2023 बैच और समवर्तक सिंह को वर्ष 2024 बैच मिला है। वर्षा खांगवाल वर्ष 2004 बैच की एचसीएस टॉपर और पंजाब यूनिवर्सिटी में एमए हिस्ट्री की गोल्ड मेडलिस्ट भी रही हैं।

More Stories
बीसलपुर बांध में मछली ठेके का रास्ता साफ, 5 करोड़ से अधिक की नई निविदा जारी
हरियाणा के बाजरा किसानों को बड़ी राहत, भावांतर योजना में मिलेगा ₹2900 MSP
यूपी के बुजुर्गों के लिए बड़ी खुशखबरी, वृद्धावस्था पेंशन अब ₹1500 महीना