पलवल
हरियाणा के पलवल जिले से एक बड़े खुलासे में पाकिस्तान के लिए जासूसी कर रहे एक युवक को गिरफ्तार किया गया है। आरोपी की पहचान आलीमेव गांव निवासी 35 वर्षीय तौफीक के रूप में हुई है, जिस पर भारतीय सैन्य गतिविधियों से जुड़ी गोपनीय जानकारी पाकिस्तान उच्चायोग (Embassy) को भेजने का आरोप है। सीआईए टीम ने केंद्रीय जांच एजेंसियों से मिली गुप्त सूचना के आधार पर तौफीक को हथीन रोड के पास से हिरासत में लिया और उस पर देशद्रोह समेत कई धाराओं में केस दर्ज किया गया है। पूछताछ के बाद उसे औपचारिक रूप से गिरफ्तार किया गया और आज उसे अदालत में पेश किया जाएगा।
तीन साल पहले गया था पाकिस्तान
जांच में सामने आया है कि तौफीक वर्ष 2022 में अपने रिश्तेदारों से मिलने पाकिस्तान गया था, जहां उसकी मुलाकात दिल्ली स्थित पाकिस्तान एंबेसी के एक कर्मचारी से हुई। भारत लौटने के बाद तौफीक ने दिल्ली जाकर उस कर्मचारी से दोबारा मुलाकात की। इसके बाद वह व्हाट्सएप के जरिए भारत की संवेदनशील सूचनाएं साझा करने लगा।
सैन्य जानकारी लीक करने का आरोप
सूत्रों के मुताबिक, तौफीक ने बीएसएफ में तैनात एक कर्मचारी से जुड़ी जानकारी और पलवल के कुछ अन्य लोगों की सूचनाएं पाकिस्तान भेजीं। पुलिस को उसके मोबाइल फोन से 12 पाकिस्तानी नंबर मिले हैं, जिनसे वह व्हाट्सएप कॉल करता था। कुछ चैट्स डिलीट करने की कोशिश भी की गई थी, लेकिन तकनीकी टीम ने उन्हें रिकवर कर लिया है। जांच एजेंसियों का यह भी कहना है कि तौफीक आसपास के लोगों से पाकिस्तान जाने की बात करता था और वीजा दिलवाने में मदद का झांसा देता था। उसने कुछ लोगों को पाकिस्तान भेजने की बात भी कबूली है। मिली जानकारी के अनुसार पुलिस ने आरोपी तौफिक के खिलाफ भारतीय दंड संहिता, ऑफिशियल सीक्रेट्स एक्ट, 1923 और देशद्रोह की संबंधित धाराओं के तहत केस दर्ज किया है।
पहले भी हो चुकी हैं गिरफ्तारियां
इससे पहले नूंह जिले से भी पाकिस्तान के लिए जासूसी करने के आरोप में तीन लोगों को गिरफ्तार किया गया था। इसके अलावा हिसार की यूट्यूबर ज्योति मल्होत्रा को भी इसी तरह के आरोप में गिरफ्तार किया गया था।

More Stories
मंत्री लक्ष्मी राजवाड़े की संवेदनशील पहल: आवेदन के 48 घंटे के भीतर दिव्यांग विष्णु लाल यादव को मिली इलेक्ट्रिक स्कूटी
’पीएम किसान सम्मान निधि की बचत से खरीदी पहली गाय, आज 10 गायों के साथ आत्मनिर्भर बने 75 वर्षीय परशुराम गुप्ता’
उफनती नदी में चट्टान पर फंसे ग्रामीण का डीडीआरएफ टीम ने किया सुरक्षित रेस्क्यू सूरजपुर में बड़ा हादसा टला