October 21, 2026

हरियाणा के पार्कों में बड़ा बदलाव! आयोग ने दिए हरे-भरे और सुंदर बनाने के निर्देश

चंडीगढ़ 
हरियाणा के सभी शहरों में स्थित पार्क अब और अधिक हरियाले, स्वच्छ और सुरक्षित होंगे। राज्य मानवाधिकार आयोग ने सभी नगर निगमों, नगर परिषदों, नगर समितियों और हरियाणा शहरी विकास प्राधिकरण (HSVP) को सख्त निर्देश जारी करते हुए कहा है कि सार्वजनिक पार्कों का रखरखाव, सौंदर्यीकरण और पर्यावरणीय सुधार उनकी प्राथमिक जिम्मेदारी होगी।

आयोग ने आदेश दिया कि हर प्रशासन अपने क्षेत्र में पौधारोपण, लैंडस्केप सुधार और स्वच्छता को लेकर ठोस कदम उठाए ताकि ग्रीन हरियाणा का लक्ष्य साकार हो सके। यह निर्देश अंबाला की शिवालिक कॉलोनी स्थित पार्क में अव्यवस्थाओं पर स्वतः संज्ञान लेने के बाद जारी किए गए। जांच में पाया गया कि वहां शौचालय, पेयजल सुविधा और लाइटिंग जैसे कार्य अधूरे हैं।

फोटो सहित रिपोर्ट पेश करने के निर्देश
इस पर आयोग के चेयरपर्सन न्यायमूर्ति ललित बत्रा और सदस्य कुलदीप जैन व दीप भाटिया ने नगर निगम अंबाला को सभी कार्य तुरंत पूरे कर फोटो सहित रिपोर्ट पेश करने के निर्देश दिए। जस्टिस बत्रा ने कहा कि पार्क केवल मनोरंजन के स्थल नहीं, बल्कि नागरिकों के जीवन और स्वच्छ पर्यावरण के अधिकार से जुड़े हैं। उन्होंने प्रशासन को निर्देश दिया कि पार्कों से कचरा हटाया जाए, रास्ते समतल किए जाएं और झूले व उपकरण सुरक्षित स्थिति में रखे जाएं।