तिरुवनंतपुरम
भारत और न्यूजीलैंड के बीच शनिवार को पांच मैचों की टी20 सीरीज का आखिरी मुकाबला तिरुवनंतपुरम में खेला जाएगा। टी20 विश्व कप से पहले भारत का यह आखिरी मैच होगा जिसमें एक बार फिर सभी की नजरें सलामी बल्लेबाज संजू सैमसन पर रहेंगी। सैमसन इस सीरीज में अब तक अच्छा प्रदर्शन नहीं कर पाए हैं, लेकिन दिलचस्प बात यह है कि अब वह अपने होम ग्राउंड पर खेलने उतरेंगे। भारत पहले ही सीरीज में 3-1 से आगे चल रहा है, ऐसे में उसकी कोशिश इस मैच से संयोजन और विश्व कप से पहले तैयारियां परखने की होगी।
सैमसन के लिए क्यों अहम है मैच?
अपनी निर्भीक बल्लेबाजी के लिए मशहूर सैमसन इस सीरीज में रन बनाने के लिए जूझ रहे हैं।
सैमसन की फॉर्म के बजाय उनकी तकनीकी कमजोरी चिंता का विषय है जिससे उनका आत्मविश्वास भी डगमगा गया है।
वह सात फरवरी से शुरू होने वाले विश्व कप से पहले बड़ी पारी खेलने के लिए बेताब होंगे।
सैमसन के पास फॉर्म में आने का यह संभवत: आखिरी अवसर होगा क्योंकि टीम के पास ईशान किशन के रूप में उनका विकल्प मौजूद है।
बल्लेबाजी क्रम में बदलाव की संभावना कम
विश्व कप को देखते हुए भारत का संयोजन लगभग तय है और टीम प्रबंधन बस बेंच स्ट्रेंग्थ को परख रहा है। इस बात की संभावना कम है कि बल्लेबाजी विभाग में बदलाव होगा। बस यह देखना होगा कि पिछले मैच में चोट के कारण बाहर रहे ईशान किशन वापसी करेंगे या नहीं। वहीं, अभिषेक शर्मा, सूर्यकुमार यादव और शिवम दुबे भी लय में रहना चाहेंगे क्योंकि भारतीय टीम के लिए आने वाले दिन काफी महत्वपूर्ण हैं। ऑलराउंडर अक्षर पटेल भी नागपुर में खेले गए पहले टी20 मैच में अंगुली में चोट लगने के बाद से नहीं खेले हैं। बाएं हाथ के इस स्पिनर ने विशाखापत्तनम में खेले गए चौथे मैच से पहले नेट पर गेंदबाजी की थी। उम्मीद है कि अक्षर पांचवें टी20 मैच के लिए प्लेइंग-11 का हिस्सा होंगे।
गेंदबाजी विभाग में हो सकता है परिवर्तन
विशाखापत्तनम में खेले गए चौथे टी20 मैच में भारत ने प्रयोग करते हुए पांच मुख्य गेंदबाजों को ही खिलाया तथा ऑलराउंडर हार्दिक पांड्या और शिवम दुबे से गेंदबाजी नहीं करवाई। जैसा कि सीरीज के पिछले मैचों में देखा गया, भारत अपने गेंदबाजी विभाग में एक बार फिर फेरबदल कर सकता है। भारतीय टीम प्रबंधन पिछले दो मैचों में आराम देने के बाद मिस्ट्री स्पिनर वरुण चक्रवर्ती को मौका दे सकता है।
इस मैच के लिए दोनों टीमों की संभावित प्लेइंग-11:
भारत: अभिषेक शर्मा, संजू सैमसन (विकेटकीपर), ईशान किशन, सूर्यकुमार यादव (कप्तान), रिंकू सिंह, शिवम दुबे, हार्दिक पांड्या, अक्षर पटेल, हर्षित राणा, जसप्रीत बुमराह, वरुण चक्रवर्ती।
न्यूजीलैंड: टिम सीफर्ट (विकेटकीपर), डेवोन कॉनवे, रचिन रवींद्र, ग्लेन फिलिप्स, मार्क चापमैन, डेरिल मिचेल, मिचेल सैंटनर (कप्तान), जेम्स नीशाम, जैक फोल्क्स, मैट हेनरी, ईश सोढ़ी।

More Stories
U19 Women’s T20 World Cup 2027: भारत उतरेगा खिताब बचाने, जानें पाकिस्तान किस ग्रुप में शामिल
Asian Para Games 2026: तीसरे दिन भारत का धमाकेदार आगाज, 3 गोल्ड के साथ मेडल की संख्या 48 पहुंची
हादसे के बाद भी नहीं मानी हार, राम रतन सिंह ने एशियन पैरा गेम्स में जीता सिल्वर मेडल