मुंबई
इंटरनेशनल क्रिकेट काउंसिल (ICC) ने भ्रष्टाचार विरोधी नियमों के उल्लंघन के मामले में कड़ा एक्शन लेते हुए वेस्टइंडीज के फास्ट बॉलिंग ऑलराउंडर जेवोन सर्ल्स (Javon Searles) को अस्थायी रूप से निलंबित कर दिया है. आईसीसी के मुताबिक सर्ल्स को एंटी-करप्शन कोड का उल्लंघन करने का दोषी पाया गया है. यह मामला 2023-24 में बारबाडोस में खेले गए Bim10 लीग से जुड़ा हुआ है।
इस टूर्नामेंट के दौरान कथित तौर पर मैच के नतीजे और खेल की स्थिति को प्रभावित करने की साजिश रची गई थी. सिर्फ जेवोन सर्ल्स ही नहीं, बल्कि इस मामले में टाइटन्स टीम के मालिक चितरंजन राठौड़ और टीम अधिकारी ट्रेवोन ग्रिफिथ भी जांच के घेरे में आए हैं. राठौड़ और ग्रिफिथ को भी अस्थायी रूप से सस्पेंड कर दिया गया है. ICC और क्रिकेट वेस्टइंडीज (CWI) ने तीनों के खिलाफ एंटी करप्शन कोड के उल्लंघन के तहत कार्रवाई की है।
सर्ल्स IPL में इस टीम के लिए खेले
जेवोन सर्ल्स ने इंडियन प्रीमियर लीग (IPL) में कोलकाता नाइट राइडर्स का प्रतिनिधित्व किया. आईपीएल 2018 में जेवोन सर्ल्स ने कोलकाता नाइट राइडर्स (KKR) के लिए 4 मैच खेलकर 2 विकेट झटके हैं. फास्ट बॉलिंग ऑलराउंडर सर्ल्स ने वेस्टइंडीज का अंडर-19 लेवल पर प्रतिनिधित्व किया. हालांकि वो वेस्टइंडीज के लिए इंटरनेशनल क्रिकेट नहीं खेल पाए।
आईसीसी की ओर से जारी आधिकारिक बयान के अनुसार तीनों व्यक्तियों पर एंटी-करप्शन कोड की कई धाराओं के तहत आरोप लगाए गए हैं. चितरंजन राठौड़ पर क्रिकेट वेस्टइंडीज के एंटी करप्शन कोड के तहत तीन आरोप लगाए गए हैं. जबकि जेवोन सर्ल्स पर चार आरोप दर्ज किए गए हैं।
ट्रेवोन ग्रिफिथ पर चार आरोप क्रिकेट वेस्टइंडीज के एंटी करप्शन कोड के तहत और एक आरोप ICC एंटी-करप्शन कोड के तहत लगाया गया है. इन आरोपों में मैच फिक्सिंग की साजिश, खिलाड़ियों और सपोर्ट स्टाफ को भ्रष्ट गतिविधियों के लिए उकसाना, और एंटी करप्शन जांच में सहयोग ना करना शामिल है।
आईसीसी के अनुसार तीनों पर Bim10 लीग 2023/24 के मैचों के नतीजों, प्रगति या अन्य पहलुओं को अनुचित तरीके से प्रभावित करने की कोशिश करने का आरोप है. इसके अलावा खिलाड़ियों या सपोर्ट स्टाफ को भ्रष्ट गतिविधियों में शामिल करने के लिए प्रोत्साहित करने और जांच में सहयोग ना करने जैसे गंभीर आरोप भी लगाए गए हैं. जेवोन सर्ल्स और ट्रेवोन ग्रिफिथ पर यह भी आरोप है कि उन्होंने संदिग्ध प्रस्तावों या संपर्कों की जानकारी क्रिकेट वेस्टइंडीज को नहीं दी, जो एंटी करप्शन नियमों का स्पष्ट उल्लंघन है।
तीनों को 14 दिनों के भीतर आरोपों का जवाब देने का मौका दिया गया है. इस दौरान एंटी करप्शन यूनिट मामले की जांच जारी रखेगी. यह मामला पहले से चल रही एक बड़ी जांच का हिस्सा है. इससे पहले संयुक्त राज्य अमेरिका (USA) के खिलाड़ी आरोन जोन्स को भी क्रिकेट वेस्टइंडीज और आईसीसी एंटी करप्शन कोड के उल्लंघन के पांच मामलों में आरोपित किया गया था।

More Stories
U19 Women’s T20 World Cup 2027: भारत उतरेगा खिताब बचाने, जानें पाकिस्तान किस ग्रुप में शामिल
Asian Para Games 2026: तीसरे दिन भारत का धमाकेदार आगाज, 3 गोल्ड के साथ मेडल की संख्या 48 पहुंची
हादसे के बाद भी नहीं मानी हार, राम रतन सिंह ने एशियन पैरा गेम्स में जीता सिल्वर मेडल