पंजाब(हलवारा)
पंजाब में हवाई संपर्क को लेकर एक बड़ी खबर सामने आई है. केंद्रीय रेल राज्य मंत्री रवनीत सिंह बिट्टू ने रविवार को बताया कि हलवारा हवाई अड्डे के लिए उड़ान बुकिंग अप्रैल से शुरू हो जाएगी, जबकि पहली कमर्शियल उड़ान 10 से 15 मई के बीच शुरू होने की संभावना है. उन्होंने इसे पंजाब के लिए गर्व का क्षण बताते हुए कहा कि शुरुआत में 160 सीटों वाले एयरबस ए320 विमान से संचालन किया जाएगा. शुरुआती चरण में दिल्ली और हलवारा के बीच रोजाना दो उड़ानें होंगी, एक सुबह और एक दोपहर में. इससे क्षेत्र की कनेक्टिविटी में बड़ा सुधार होगा.
रवनीत सिंह बिट्टू ने पंजाब के लोगों को बधाई देते हुए कहा कि यह लंबे समय से प्रतीक्षित परियोजना है, जो यात्रा, व्यापार और राज्य की आर्थिक वृद्धि को गति देगी.
हवाई अड्डे की बुकिंग अगले सप्ताह से शुरू होगी
वहीं, पंजाब के उद्योग मंत्री संजीव अरोड़ा ने कहा कि उन्होंने 26 मार्च को लुधियाना में एक प्रेस वार्ता के दौरान पहले ही घोषणा कर दी थी कि हलवारा हवाई अड्डे की बुकिंग अगले सप्ताह से शुरू होगी. उन्होंने इशारों में केंद्रीय मंत्री पर निशाना साधते हुए कहा कि कुछ लोग उनकी कही बातों को तीन दिन बाद दोहरा रहे हैं.
इस बीच रवनीत सिंह बिट्टू ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी का आभार जताते हुए कहा कि उनकी दूरदृष्टि और बुनियादी ढांचे को मजबूत करने की प्रतिबद्धता से पंजाब को फायदा मिल रहा है. उन्होंने कहा कि वह मंत्री के रूप में पंजाब के विकास के लिए लगातार काम करते रहेंगे.
गौरतलब है कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने पिछले महीने जालंधर दौरे के दौरान लुधियाना के हलवारा हवाई अड्डे के टर्मिनल भवन का वर्चुअल उद्घाटन किया था. यह टर्मिनल भारतीय वायुसेना के हलवारा अड्डे पर रायकोट उपखंड में विकसित किया गया है.
हलवारा हवाई अड्डे के चालू होने से क्षेत्र में हवाई संपर्क में बड़ा सुधार होने की उम्मीद है. इससे उद्योग, पर्यटन, स्वास्थ्य और शिक्षा क्षेत्रों को भी बढ़ावा मिलेगा और पंजाब के समग्र
सामाजिक-आर्थिक विकास को गति मिलेगी.
लुधियाना के उद्योगपतियों की लंबे समय से मांग रही है कि शहर को सीधी हवाई सेवा मिले, क्योंकि उन्हें अभी दिल्ली, चंडीगढ़ या अमृतसर से उड़ान लेनी पड़ती है. पंजाब सरकार के अनुसार, इस परियोजना को पूरा करने में संजीव अरोड़ा की लगातार कोशिशों और विभिन्न एजेंसियों के साथ समन्वय की अहम भूमिका रही है.

More Stories
Delhi Metro Yellow Line पर हंगामा, तकनीकी नहीं इस वजह से 1.5 घंटे थमी रहीं ट्रेनें
राजस्व मंत्री हेमंत मीणा की तबीयत बिगड़ी, रात 1 बजे उदयपुर रेफर
जयपुर में रूसी फोटोग्राफर का आर्ट बना विवाद हाथी को गुलाबी रंग में रंगने पर मचा हंगामा