April 11, 2026

पंजाब में नई इनामी नीति लागू: 28 मोस्ट वांटेड की गोपनीय जानकारी पर मिलेगा कैश इनाम

चंडीगढ़.

पंजाब सरकार ने अपराध और गैंगस्टर नेटवर्क पर सख्त प्रहार करते हुए नई ‘रिवॉर्ड पॉलिसी’ लागू की है। इसके साथ ही राज्य के 28 मोस्ट वांटेड आरोपितों की सूची भी जारी कर दी गई है। इस नीति के तहत अब पुलिस को सही और पुख्ता सूचना देने वाले लोगों को नकद इनाम दिया जाएगा, जबकि उनकी पहचान पूरी तरह गोपनीय रखी जाएगी।

सरकार की ‘गैंगस्टरां ते वार’ मुहिम के तहत यह फैसला लिया गया है, जिसका मकसद आम लोगों को कानून-व्यवस्था मजबूत करने में भागीदार बनाना है। नई नीति के अनुसार, सीनियर सुपरिटेंडेंट ऑफ पुलिस (एसएसपी) को 1 लाख रुपये तक इनाम स्वीकृत करने का अधिकार दिया गया है। वहीं, कमिश्नर ऑफ पुलिस, रेंज आईजी और डीआईजी 1.5 लाख रुपये तक, जबकि स्पेशल डीजीपी/एडीजीपी स्तर के अधिकारी 2 लाख रुपये तक इनाम मंजूर कर सकेंगे। 2 लाख रुपये से अधिक का इनाम केवल डीजीपी स्तर पर स्वीकृत होगा।

पुखता जानकारी पर ही मिलेगा इनाम
एडीजीपी एजीटीएफ प्रमोद बान ने बताया कि सूचना देने वालों को इनाम तभी दिया जाएगा जब उनकी जानकारी पूरी तरह सही और जांच में प्रमाणित होगी। उन्होंने स्पष्ट किया कि किसी भी स्तर पर मुखबिर की पहचान सार्वजनिक नहीं की जाएगी। “राज्य सरकार का लक्ष्य है कि गैंगस्टर और अपराधियों के लिए हर रास्ता बंद कर दिया जाए और पंजाब को सुरक्षित बनाया जाए,” उन्होंने कहा- सरकार ने इसके लिए ‘एंटी-गैंगस्टर हेल्पलाइन’ नंबर 93946-93946 भी जारी किया है, जिस पर कोई भी व्यक्ति गुमनाम रहकर सूचना दे सकता है।

पुलिस के अनुसार, जो सूचना आरोपितों की गिरफ्तारी तक पहुंचाने में मदद करेगी, उसे विशेष रूप से पुरस्कृत किया जाएगा। इनाम की राशि अपराध की गंभीरता, जोखिम और सूचना की गुणवत्ता के आधार पर तय की जाएगी। पंजाब पुलिस का कहना है कि इस पहल से न केवल पुलिस नेटवर्क को मजबूती मिलेगी, बल्कि आम लोगों की भागीदारी से अपराध पर लगाम लगाने में भी मदद मिलेगी। यह अभियान ‘ऑपरेशन प्रहार’ के तहत चल रही ‘गैंगस्टरां ते वार’ मुहिम को और तेज करेगा।

56 हजार से अधिक ठिकानो ंपर पहुंची पुलिस
इसी अभियान के तहत पंजाब पुलिस अब तक बड़े स्तर पर कार्रवाई कर चुकी है। राज्यभर में गैंगस्टरों से जुड़े ठिकानों पर 56,487 छापेमारी की गई है। इस दौरान 19,894 लोगों को गिरफ्तार किया गया, जबकि 9,353 के खिलाफ प्रिवेंटिव एक्शन लिया गया। इसके अलावा 15,284 लोगों से पूछताछ कर उन्हें सत्यापन के बाद छोड़ दिया गया। पुलिस ने 851 घोषित अपराधियों (पीओ) को भी गिरफ्तार किया है।

पंजाब सरकार का मानना है कि इस रिवॉर्ड पॉलिसी से आम जनता और पुलिस के बीच भरोसा बढ़ेगा और अपराधियों के खिलाफ कार्रवाई में तेजी आएगी। अधिकारियों ने लोगों से अपील की है कि वे बिना किसी डर के अपराध और गैंगस्टर गतिविधियों से जुड़ी जानकारी साझा करें, ताकि राज्य को अपराध मुक्त बनाया जा सके।